गोरखपुर गर्ल्स हॉस्टल के बाथरूम में छिपाकर बनाए छात्राओं के वीडियो, महिला वार्डेन पर FIR
गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से छात्राओं की सुरक्षा और निजता से जुड़ा बेहद गंभीर मामला सामने आया है। कैंट थाना क्षेत्र के मोहद्दीपुर स्थित एक निजी गर्ल्स हॉस्टल के बाथरूम में कथित तौर पर मोबाइल फोन छिपाकर छात्राओं के वीडियो बनाए जाने का आरोप लगा है। मामला सामने आने के बाद छात्राओं में नाराजगी और चिंता का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, हॉस्टल की छात्राओं ने बाथरूम में मोबाइल फोन छिपाए जाने की शिकायत की। छात्राओं का आरोप है कि मोबाइल के जरिए उनके नहाने और फ्रेश होने के दौरान वीडियो रिकॉर्ड किए गए।
महिला वार्डेन के खिलाफ FIR
छात्राओं की शिकायत के आधार पर पुलिस ने हॉस्टल की महिला वार्डेन आरती के खिलाफ FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मामले से जुड़े मोबाइल फोन को कब्जे में लेकर जांच के लिए भेजा है।
मोबाइल की होगी जांच
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मोबाइल फोन से कितने वीडियो रिकॉर्ड किए गए और उनका कहीं इस्तेमाल या प्रसारण तो नहीं किया गया। फॉरेंसिक जांच के बाद मामले से जुड़े कई अहम तथ्यों के सामने आने की उम्मीद है।
छात्राओं की सुरक्षा पर उठे सवाल
घटना ने निजी हॉस्टलों में छात्राओं की सुरक्षा और निजता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। छात्राओं और उनके परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर ही होगी।