बुडको की परियोजनाओं में गुणवत्ता, समय-सीमा और आधुनिक तकनीक सर्वोच्च प्राथमिकता : मंत्री नीतीश मिश्रा

First Lead Desk

पटना: नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री श्री नीतीश मिश्रा की अध्यक्षता में सोमवार को बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड (बुडको) कार्यालय में विभिन्न योजनाओं एवं परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभाग के प्रधान सचिव श्री विनय कुमार भी उपस्थित रहे।

बैठक में बुडको के प्रबंध निदेशक श्री अनिमेष कुमार पराशर ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से स्टॉर्म वॉटर ड्रेनेज सिस्टम, मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना, नमामि गंगे, जलापूर्ति योजनाओं सहित विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी दी।

निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण और टिकाऊ परिसंपत्तियों का निर्माण सुनिश्चित करना

समीक्षा के दौरान मंत्री श्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि शहरी विकास से जुड़ी परियोजनाओं का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य पूरा करना नहीं, बल्कि निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण और टिकाऊ परिसंपत्तियों का निर्माण सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को परियोजनाओं की नियमित एवं प्रभावी मॉनिटरिंग करने तथा आधुनिक तकनीक का अधिकतम उपयोग करने का निर्देश दिया।

जिला एवं परियोजना-वार विस्तृत वर्क प्लान

मंत्री ने लंबित परियोजनाओं वाले जिलों के लिए जिला एवं परियोजना-वार विस्तृत वर्क प्लान तैयार करने का निर्देश दिया। संबंधित एजेंसियों को कार्य पूर्ण करने की स्पष्ट कार्ययोजना प्रस्तुत करने तथा बुडको की टीम को निर्धारित वर्क प्लान के अनुरूप कार्यों की निरंतर निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना (MMSY) के अंतर्गत चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए लंबित परियोजनाओं के नियमित स्तर पर अनुश्रवण एवं शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए। साथ ही बुडको की पाइपलाइन में चल रही योजनाओं को वर्तमान वित्तीय वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित करने को कहा।

गुणवत्ता, बेहतर फिनिशिंग और समय-सीमा

श्री मिश्रा ने टेंडर, कार्य आवंटन एवं अन्य प्रक्रियाओं को अनावश्यक विलंब के बिना निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं में b, तीनों को समान महत्व दिया जाना चाहिए तथा निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए।

मंत्री ने सभी निर्माण स्थलों पर कंस्ट्रक्शन प्रोटोकॉल का पालन, नियमित मॉनिटरिंग, ग्रीन नेट एवं बैरिकेडिंग की अनिवार्य व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा इसके लिए विशेष मॉनिटरिंग टीम गठित करने का निर्देश दिया।

बैठक में बुडको के कार्यों में तकनीक के व्यापक उपयोग पर भी विशेष जोर दिया गया। मंत्री ने ऑनलाइन मॉनिटरिंग सिस्टम एवं ई-ऑफिस प्रणाली को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा इंजीनियरों एवं संवेदकों के लिए ऑनलाइन सिस्टम को सरल और यूजर फ्रेंडली बनाने के निर्देश दिए।

एमआईएस और पोर्टल पर अद्यतन डेटा

उन्होंने एमआईएस और पोर्टल पर अद्यतन डेटा, एआई आधारित डैशबोर्ड, इंजीनियरिंग रिपोर्ट, फाइल ट्रैकिंग और कॉन्ट्रैक्टर डेटाबेस को एकीकृत एवं तकनीक-अनुकूल बनाने पर बल दिया, ताकि परियोजनाओं की रियल-टाइम मॉनिटरिंग और त्वरित निर्णय लेने में सुविधा हो सके।

मंत्री ने बेहतर गुणवत्ता एवं निर्धारित समय-सीमा में कार्य करने वाले संवेदकों को प्रोत्साहित एवं पुरस्कृत करने की बात कही। वहीं लगातार खराब प्रदर्शन या कार्य में लापरवाही बरतने वाले संवेदकों के विरुद्ध नियमानुसार डिबार की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और आधुनिक तकनीक

श्री मिश्रा ने बुडको के इंजीनियरों एवं तकनीकी कर्मियों के लिए एक्सपोजर लर्निंग, प्रशिक्षण एवं साइट विजिट को बढ़ावा देने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि देश के अन्य क्षेत्रों में अपनाई जा रही आधुनिक तकनीकों और बेहतर निर्माण प्रणालियों का अध्ययन कर आवश्यकता के अनुरूप बिहार की परियोजनाओं में लागू किया जाए। साथ ही कार्यों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और आधुनिक तकनीक के उपयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

मंत्री ने राज्य के पर्यटन स्थलों एवं पर्यटन क्षेत्रों से जुड़ी परियोजनाओं पर विशेष ध्यान देने, परियोजनाओं की गुणवत्ता एवं प्रगति की जांच के लिए आवश्यकतानुसार जांच टीम गठित करने तथा राज्य के सभी 38 जिलों में बुडको के जिला कार्यालयों को सुदृढ़ करने की दिशा में कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

उन्होंने नगर निगमों एवं नगर परिषदों से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए यूएलबी के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करने और स्थानीय स्तर पर उत्पन्न समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

अंत में मंत्री श्री नीतीश मिश्रा ने स्पष्ट किया कि सभी परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करना विभाग एवं बुडको की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में तकनीक, पारदर्शिता, जवाबदेही और गुणवत्ता को केंद्र में रखकर कार्य करने के निर्देश दिए।

Share This Article
Leave a comment