Bihar Flood: राघोपुर पहुंचे CM सम्राट चौधरी और शिवराज सिंह चौहान, फसल नुकसान का होगा आकलन

First Lead Desk

तेरसिया दियारा में बाढ़ प्रभावित किसानों से करेंगे बातचीत, खेतों में हुए नुकसान का लिया जा रहा जायजा

वैशाली: बिहार में बाढ़ की स्थिति के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान बुधवार को वैशाली के राघोपुर पहुंचे। दोनों नेताओं ने बाढ़ प्रभावित इलाके का जमीनी जायजा लिया और किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। केंद्रीय टीम बिहार में बाढ़ से हुए नुकसान और विशेष रूप से फसल क्षति का आकलन करने के लिए पहुंची है।

तेरसिया दियारा में बाढ़ की स्थिति का जायजा

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री हाजीपुर पुलिस लाइन हेलीपैड पहुंचे। इसके बाद दोनों नेता सड़क मार्ग से तेरसिया दियारा पहुंचे। बाढ़ प्रभावित इलाके में आगे जाने के लिए ट्रैक्टर का भी इस्तेमाल किया गया।

तेरसिया के वार्ड नंबर 14 तक पहुंचकर दोनों नेताओं ने बाढ़ की स्थिति और खेतों में हुए नुकसान का जायजा लिया। इस दौरान प्रभावित किसानों और ग्रामीणों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली गई।

फसल नुकसान का होगा आकलन

बाढ़ के कारण राघोपुर क्षेत्र के कई गांवों में खेतों में पानी भर गया है। इससे फसलों को नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्रालय के अधिकारियों की टीम भी शिवराज सिंह चौहान के साथ बिहार पहुंची है।

दौरे का प्रमुख उद्देश्य बाढ़ से हुए कृषि नुकसान और किसानों की स्थिति का जमीनी आकलन करना है। केंद्रीय टीम के आकलन के आधार पर आगे राहत और सहायता से जुड़े कदमों पर विचार किया जा सकता है।

बिहार के 15 जिले बाढ़ से प्रभावित

मौजूदा बाढ़ की स्थिति में बिहार के कई जिलों के लाखों लोग प्रभावित हुए हैं। केंद्रीय टीम का दौरा केवल राघोपुर तक सीमित नहीं है। कार्यक्रम में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई एवं जमीनी सर्वेक्षण, किसानों से संवाद और राहत कार्यों की समीक्षा भी शामिल है।

राहत और बचाव कार्यों की भी समीक्षा

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान बाढ़ प्रभावित लोगों तक पहुंचाई जा रही राहत और बचाव व्यवस्था की भी जानकारी ले रहे हैं। इसके बाद पटना में अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक भी प्रस्तावित है।

इससे पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 15 सितंबर को बाढ़ प्रभावित 8 लाख 27 हजार 472 परिवारों के बैंक खातों में ₹7,000 प्रति परिवार की दर से कुल ₹579.23 करोड़ की अनुग्रह राहत राशि डीबीटी के माध्यम से भेजने की शुरुआत की थी।

अब राघोपुर समेत अन्य बाढ़ प्रभावित इलाकों में फसल और अन्य क्षति का विस्तृत आकलन इस दौरे का अहम हिस्सा है।

Share This Article
Leave a comment