पटना के पाटलिपुत्र खेल परिसर में 37वीं ईस्ट जोन जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 का आगाज हुआ। पहले दिन बिहार समेत 9 राज्यों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
पटना: बिहार राज्य खेल प्राधिकरण एवं बिहार एथलेटिक्स संघ के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार से पाटलिपुत्र खेल परिसर, पटना में 37वीं ईस्ट जोन जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 का आगाज हुआ। 22 से 24 सितंबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में ईस्ट जोन के 9 राज्यों के चयनित जूनियर एथलीट हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की आगामी प्रतियोगिताओं के लिए अपनी प्रतिभा साबित करने का मौका मिल रहा है।
प्रतियोगिता का शुभारंभ बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण और बिहार एथलेटिक्स संघ के सचिव लियाक़त अली के मार्गदर्शन एवं निगरानी में हुआ। पहले दिन विभिन्न आयुवर्गों की दौड़, थ्रो, रिले और मल्टी-इवेंट प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया।
पहले दिन बिहार के खिलाड़ियों का दबदबा
पहले दिन कई स्पर्धाओं में बिहार के खिलाड़ियों ने पदक हासिल किए। अंडर-14 बालक वर्ग के किड्स जेवलीन इवेंट में बिहार के राहुल कुमार ने स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि हरि ओम ने रजत पदक अपने नाम किया। पश्चिम बंगाल के शिवम बाला को कांस्य पदक मिला।
अंडर-16 बालक वर्ग के 60 मीटर दौड़ में बिहार के संदीप यादव ने स्वर्ण पदक जीता। ओडिशा के साई प्रीतम साहू ने रजत और असम के भार्गव बोराह ने कांस्य पदक हासिल किया।
वहीं अंडर-18 बालक वर्ग के 1000 मीटर स्प्रिंट मिडले रिले में बिहार की टीम ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। असम को रजत और झारखंड को कांस्य पदक मिला। अंडर-18 बालक वर्ग के 100 मीटर दौड़ में भी बिहार के सुभांशु कुमार ने स्वर्ण पदक जीता। ओडिशा के हिमांशु बेहेरा दूसरे और झारखंड के रिशु राज तीसरे स्थान पर रहे।
बालिका वर्ग में भी खिलाड़ियों ने दिखाया दम
अंडर-16 बालिका वर्ग की 60 मीटर दौड़ में पश्चिम बंगाल की सोहना अख्तर सोहा ने स्वर्ण पदक हासिल किया। ओडिशा की समीक्षा सोमरण ने रजत और प्रीति कुमारी ने कांस्य पदक जीता।
अंडर-16 बालिका शॉट पुट में पश्चिम बंगाल की अनन्या राय ने स्वर्ण, असम की देबोजानी बोरा ने रजत और बिहार की राधा रानी ने कांस्य पदक हासिल किया।
अंडर-14 बालिका वर्ग के ट्राइथलॉन में पश्चिम बंगाल की श्रीपर्णा मालो ने स्वर्ण पदक, दीपिका चौधरी ने रजत पदक और झारखंड की दिव्या कुमारी गुप्त ने कांस्य पदक जीता।
रिले और लंबी दूरी की स्पर्धाओं में भी कड़ी टक्कर
अंडर-18 बालिका वर्ग के 1000 मीटर स्प्रिंट मिडले रिले में ओडिशा ने स्वर्ण पदक जीता। असम को रजत और पश्चिम बंगाल को कांस्य पदक मिला।
अंडर-20 बालिका वर्ग के मिक्स्ड रिले में ओडिशा ने स्वर्ण पदक हासिल किया। एक स्पर्धा में झारखंड ने रजत और पश्चिम बंगाल ने कांस्य, जबकि दूसरी मिक्स्ड रिले स्पर्धा में असम ने रजत और झारखंड ने कांस्य पदक जीता।
अंडर-20 बालक वर्ग के 5000 मीटर दौड़ में ओडिशा के डोलमनी चिरगुन ने स्वर्ण पदक हासिल किया। मेघालय के वेंकीरमेंन एल माओ ने रजत और असम के हितेश बोरो ने कांस्य पदक जीता।
अंडर-20 बालिका वर्ग के 5000 मीटर में असम की पाहि केवट ने स्वर्ण, बिहार की साधना यादव ने रजत और झारखंड की मंजू कुमारी ने कांस्य पदक जीता।
डिस्कस थ्रो में बिहार के प्रियंशु शर्मा को गोल्ड
अंडर-20 बालक वर्ग के डिस्कस थ्रो में बिहार के प्रियंशु शर्मा ने स्वर्ण पदक हासिल किया। पश्चिम बंगाल के अब्दुल रजाक ने रजत और बिहार के कृष्णा राज ने कांस्य पदक जीता।
प्रतियोगिता के पहले दिन खिलाड़ियों के बीच विभिन्न स्पर्धाओं में कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। ईस्ट जोन के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से प्रतियोगिता को रोमांचक बना दिया।
तकनीकी अधिकारियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका
प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों से आए तकनीकी पदाधिकारियों के साथ बिहार राज्य खेल प्राधिकरण और बिहार एथलेटिक्स संघ के तकनीकी अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों की निगरानी में प्रतियोगिता की विभिन्न स्पर्धाओं का संचालन किया गया।
37वीं ईस्ट जोन जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 का आयोजन 24 सितंबर तक जारी रहेगा। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की नजर अब राष्ट्रीय स्तर की आगामी प्रतियोगिताओं में जगह बनाने पर है।

