Beltron Programmer Joining: 522 अभ्यर्थियों की ज्वाइनिंग का रास्ता साफ, मंत्री नीतीश मिश्रा ने दिए बड़े निर्देश

First Lead Desk

सूचना प्रावैधिकी मंत्री से अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल ने की मुलाकात, जल्द पूरी होगी ज्वाइनिंग प्रक्रिया

पटना: बिहार स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (बेल्ट्रॉन) के माध्यम से चयनित 522 प्रोग्रामर अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को सूचना प्रावैधिकी विभाग के मंत्री नीतीश मिश्रा से उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान अभ्यर्थियों ने ज्वाइनिंग प्रक्रिया से जुड़ी विभिन्न समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया। बैठक में बेल्ट्रॉन के प्रबंध निदेशक कौशल किशोर भी मौजूद रहे।

अभ्यर्थियों की समस्याएं प्राथमिकता के आधार पर होंगी दूर

मंत्री नीतीश मिश्रा ने अभ्यर्थियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके साथ संवाद किया। उन्होंने कहा कि चयनित अभ्यर्थियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान किया जाएगा।

मंत्री ने बेल्ट्रॉन के प्रबंध निदेशक कौशल किशोर को आवश्यक कार्रवाई करते हुए अभ्यर्थियों की समस्याओं का जल्द से जल्द निराकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

लंबित KYC जल्द पूरा कराने के निर्देश

बैठक के दौरान बताया गया कि जिन चयनित अभ्यर्थियों का KYC लंबित है, उनकी KYC प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा।

वहीं, जिन अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन (Document Verification) अभी तक नहीं हो पाया है, उन्हें आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत कर सत्यापन प्रक्रिया पूरी करने का अवसर दिया जाएगा।

समयबद्ध तरीके से पूरी होगी ज्वाइनिंग प्रक्रिया

नीतीश मिश्रा ने कहा कि सूचना प्रावैधिकी विभाग चयनित अभ्यर्थियों के हितों के प्रति संवेदनशील है। प्रक्रियागत समस्याओं को दूर करते हुए शीघ्र ज्वाइनिंग की प्रक्रिया पूरी करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि पात्र अभ्यर्थियों से संबंधित सभी जरूरी प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।

“युवा हित सर्वोपरि” : नीतीश मिश्रा

मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि “युवा हित सर्वोपरि है।” मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार सरकार युवाओं को रोजगार और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का स्पष्ट विजन है कि बिहार के युवाओं की प्रतिभा और क्षमता को उचित अवसर मिले तथा उन्हें उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार प्राप्त हो। सूचना प्रावैधिकी के क्षेत्र में युवाओं के लिए रोजगार की नई संभावनाओं का सृजन सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि चयनित अभ्यर्थियों से जुड़ी प्रक्रियागत समस्याओं का समाधान कर ज्वाइनिंग प्रक्रिया को जल्द पूरा कराने के लिए विभाग आवश्यक कार्रवाई करेगा।

Share This Article
Leave a comment