मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना का 2030-31 तक अवधि विस्तार, शहरों के विकास को मिलेगी नई रफ्तार

First Lead Desk

“हर शहर, बेहतर सुविधा; समग्र शहरी विकास को नई गति” : नीतीश मिश्रा

पटना, 02 सितंबर 2026: बिहार के शहरी क्षेत्रों में आधारभूत संरचनाओं के समग्र एवं संतुलित विकास को नई गति देने के लिए मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना की अवधि बढ़ाने को मंजूरी दे दी गई है। मंत्रिपरिषद ने योजना को वित्तीय वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक जारी रखने की स्वीकृति प्रदान की है।

नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री श्री नीतीश मिश्रा ने बताया कि योजना के माध्यम से राज्य के सभी शहरी क्षेत्रों में स्थानीय आवश्यकताओं और प्राथमिकताओं के अनुरूप आधारभूत संरचनाओं के विकास पर विशेष जोर दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री और मंत्रिपरिषद का जताया आभार

मंत्री श्री नीतीश मिश्रा ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी और मंत्रिपरिषद के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि योजना की अवधि बढ़ने से शहरी क्षेत्रों में चल रहे और प्रस्तावित विकास कार्यों को निरंतरता मिलेगी तथा नागरिक सुविधाओं और आधारभूत संरचनाओं के सुदृढ़ीकरण को नई गति प्राप्त होगी।

सड़क, जल निकासी, पार्किंग और पार्कों के विकास पर जोर

मंत्री ने बताया कि योजना के तहत शहरी क्षेत्रों में चौड़ी, सुदृढ़ एवं गुणवत्तापूर्ण सड़कों के निर्माण और जीर्णोद्धार के साथ जल निकासी की समुचित व्यवस्था की जाएगी।

इसके अलावा पार्किंग स्थल, फुटपाथ, प्रकाश व्यवस्था, झीलों, पार्कों, घाटों और जलाशयों से संबंधित विकास कार्य भी कराए जाएंगे। इन कार्यों को एकीकृत रूप से संचालित किए जाने से शहरों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और नागरिकों को बेहतर एवं सुगम सुविधाएं मिल सकेंगी।

योजना के लिए 500 करोड़ रुपये का प्रावधान

मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना के तहत कुल 500 करोड़ रुपये की राशि का प्रावधान किया गया है। जिला स्तर पर प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय संचालन समिति द्वारा नगर निकायवार योजनाओं का चयन किया जाएगा।

योजनाओं का चयन वर्षवार और जनसंख्या के आधार पर निर्धारित राशि की अधिकतम तीन गुनी सीमा तक किया जा सकेगा। इससे प्रत्येक शहरी क्षेत्र की स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप प्राथमिकता वाली विकास योजनाओं का चयन और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सकेगा।

BUIDCO करेगा चयनित योजनाओं का क्रियान्वयन

मंत्री श्री मिश्रा ने बताया कि चयनित योजनाओं का कार्यान्वयन बिहार शहरी आधारभूत संरचना निगम लिमिटेड (BUIDCO) द्वारा किया जाएगा।

योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से शहरी क्षेत्रों में सड़क, जल निकासी, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा। साथ ही सार्वजनिक स्थलों के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

शहरों को आर्थिक गतिविधियों के प्रमुख केंद्र बनाने का लक्ष्य

श्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना का उद्देश्य केवल आधारभूत संरचनाओं का निर्माण करना नहीं है, बल्कि बिहार के शहरी क्षेत्रों को अधिक सुव्यवस्थित, सुविधाजनक और आर्थिक रूप से गतिशील बनाना है।

उन्होंने कहा कि योजना के क्रियान्वयन से नागरिक सुविधाओं में वृद्धि होने के साथ-साथ शहरों में आर्थिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी। इससे बिहार के शहरों को विकास और आर्थिक गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के सरकार के संकल्प को नई गति मिलेगी।

Share This Article
Leave a comment