बिहार में अजब प्रेम की गजब कहानी: दो सहेलियों ने आपस में रचाई शादी, लड़के का वेश बनाकर मांग में भरा सिंदूर

First Lead Desk

बांका: बिहार के बांका जिले से सामाजिक बंधनों को तोड़ने वाली एक अनोखी प्रेम कहानी सामने आई है। यहां समाज के पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच दो सहेलियों ने आपस में ही शादी रचा ली है। इस विवाह में एक महिला ने बकायदा लड़कों की तरह बाल कटवाए, पैंट-शर्ट पहनकर लड़के का वेश धारण किया और अपनी सहेली की मांग में सिंदूर भरकर साथ निभाने का संकल्प लिया।

एक साल से साथ थीं दोनों सहेलियां

मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों एक ही गांव की रहने वाली हैं और पिछले एक साल से एक-दूसरे के साथ रिश्ते में थीं। दोनों ने हमेशा के लिए एक होने का फैसला कर लिया। इस रिश्ते में लड़के का रूप धारण करने वाली युवती आत्मनिर्भर बनने के लिए राजमिस्त्री और मजदूरी का काम भी करती थी।

गांव में चर्चा का विषय बनी यह अनोखी शादी

जैसे ही इस अनोखी शादी की खबर ग्रामीणों और परिजनों को मिली, इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया। ग्रामीण इस विवाह से हैरान हैं। परिजनों और ग्रामीणों ने दोनों को समझाने की काफी कोशिश की, लेकिन दोनों एक-दूसरे से अलग होने को तैयार नहीं हैं और साथ रहने के फैसले पर कायम हैं।
परिजनों द्वारा इस रिश्ते का विरोध किए जाने की भी बात सामने आई है, लेकिन दोनों का यह फैसला समाज के इस दबाव के आगे झुकने का नाम नहीं ले रहा है। फिलहाल यह मामला पूरे इलाके के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चा का विषय बना हुआ है।
Share This Article
Leave a comment