CM सम्राट चौधरी का बड़ा ऐलान: दशहरा कमिटी ट्रस्ट को मिलेगा रामलीला मैदान, मार्च तक पूरी होगी कार्रवाई

First Lead Desk

मरीन ड्राइव के किनारे बनेगा रामलीला मैदान, वर्षों पुरानी मांग पर मुख्यमंत्री ने लगाई मुहर

पटना: श्री दशहरा कमिटी ट्रस्ट की ओर से गांधी मैदान में आयोजित श्री कृष्ण महोत्सव-2026 का भव्य उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने दशहरा कमिटी ट्रस्ट की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि मरीन ड्राइव के किनारे रामलीला आयोजन के लिए दशहरा कमिटी ट्रस्ट को रामलीला मैदान उपलब्ध कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई मार्च तक पूरी कर ली जाए। इसके लिए उन्होंने पटना के जिलाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए।

भगवान श्रीकृष्ण का जीवन कर्म प्रधान : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन कर्म प्रधान रहा है। उनके जीवन और विचारों से हमें निरंतर आगे बढ़ने तथा कर्म के मार्ग पर चलते रहने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।

बिहार की सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ा रहा आयोजन : नितिन नवीन

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि दशहरा कमिटी ट्रस्ट का आयोजन बिहार की सांस्कृतिक एवं संगीत परंपरा को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों का लगातार आयोजन होना चाहिए, जिससे नई पीढ़ी अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ सके।

कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने बच्चों से आत्मीयता से संवाद किया और उन्हें प्रोत्साहित किया। इस दौरान उन्होंने कुछ बच्चों को कंधे पर उठाकर भी उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि कला-संस्कृति और युवाओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए विभाग पूरी तरह संकल्पित है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि दशहरा कमिटी ट्रस्ट अपनी परंपरा के माध्यम से भारतीय संस्कृति को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहा है।

स्थायी जमीन और भवन की मांग

कार्यक्रम के दौरान ट्रस्ट के अध्यक्ष अरुण कुमार ने मुख्यमंत्री के समक्ष दशहरा कमिटी ट्रस्ट के लिए स्थायी जमीन और भवन उपलब्ध कराने की मांग रखी।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का संचालन मुकेश कुमार नंदन ने किया। वहीं दही-हांडी प्रतियोगिता का संचालन आर्य नंदन, हर्ष नंदन, ललित मिश्रा और चंदन कुमार ने किया। फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का संचालन श्वेता सुरभि ने किया।

कार्यक्रम में डॉ. संजीव चौरसिया, मेयर सीता साहू, डिप्टी मेयर रश्मि चंद्रवंशी, विशाल सिंह, ट्रस्ट के चेयरमैन कमल नोपानी, आशु गुप्ता, प्रिंस राजू, सुजय सौरव, राजेश बजाज, सुषमा साहू, धनंजय, दीपक दक्ष, सुरभि ज्योत्सना, अशोक भट्ट, संजय राय, नरेश साव और शिशिर कुमार सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

राधा-कृष्ण फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में काशवी कामाक्षी प्रथम

कलमबाज और स्नेही पाटलिपुत्र की ओर से आयोजित राधा-कृष्ण फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में काशवी कामाक्षी ने प्रथम स्थान हासिल किया। चार्विक द्वितीय और प्रिशा मीनाक्षी तृतीय स्थान पर रहीं।

इसके अलावा रिधान, मान्य सिंह, अर्णव, सौरभ और अर्निका को विभिन्न श्रेणियों में विशेष पुरस्कार प्रदान किए गए।

दही-हांडी प्रतियोगिता में 20 टीमों ने लिया हिस्सा

महोत्सव के दौरान आयोजित दही-हांडी प्रतियोगिता में कुल 20 टीमों ने हिस्सा लिया। रोमांचक मुकाबले के बाद फाइनल प्रतियोगिता आयोजित की गई।

कलमबाज-नई धरती की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मात्र 27 सेकेंड में मटका फोड़कर विजेता का खिताब अपने नाम किया। खास बात यह रही कि पिछले वर्ष भी कलमबाज टीम ही विजेता बनी थी। इस तरह टीम ने लगातार दूसरी बार दही-हांडी प्रतियोगिता पर कब्जा जमाया।

द्वितीय स्थान सात्विका ग्रुप नई धरती (बी) की टीम ने हासिल किया।

लड़कों की टीम में राजापुर पुल विजेता

लड़कों की दही-हांडी प्रतियोगिता में राजापुर पुल की टीम विजेता बनी। टीम ने 45.66 सेकेंड में मटका फोड़ा।

द्वितीय स्थान सुजीत सर की टीम ने हासिल किया, जिसने 46.97 सेकेंड का समय लिया। वहीं कान्हा टीम राही ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। टीम का समय 1 मिनट 35 सेकेंड रहा।

सांस्कृतिक कार्यक्रम ने बांधा समां

महोत्सव में विजय सोनी की टीम की ओर से शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया और कार्यक्रम स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

Share This Article
Leave a comment